February 2, 2026

Khabrana.com

सच्ची बात, सच के साथ…

Khabrana Home » राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा। कोटपूतली रोड़वेज आगार द्वारा परीक्षार्थियों को दी जा रही नि:शुल्क परिवहन सुविधा।

राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा। कोटपूतली रोड़वेज आगार द्वारा परीक्षार्थियों को दी जा रही नि:शुल्क परिवहन सुविधा।

ख़बराना । बिल्लुराम सैनी
कोटपूतली राजस्थान पुलिस द्वारा शुक्रवार 13 मई से सोमवार 16 मई तक पुलिस कांस्टेबल की सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। वहीं परीक्षार्थियों को उनके भर्ती केन्द्र तक पहुँचाने के लिए राजस्थान रोड़वेज द्वारा नि:शुल्क परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए आम दिनों की तुलना में अन्य सभी रूटों पर रोड़वेज बसों का संचालन बंद करते हुए सभी श्रेणियों की बसों को परीक्षार्थियों के नि:शुल्क परिवहन में लगाया गया है। कोटपूतली रोड़वेज आगार से बसें तीन रूटों पर सेवायें प्रदान करते हुए परीक्षार्थियों को नि:शुल्क पहुँचा रही है। रोड़वेज आगार प्रबंधक पवन सैनी ने बताया कि कोटपूतली डीपो से 57 बसें जयपुर, अलवर व सीकर रूटों पर चल रही है जो निरन्तर परीक्षार्थियों को ले जाने व लाने का कार्य करेगी। यह सेवा आगामी 17 मई तक नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। वहीं दुसरी ओर कस्बा स्थित रोड़वेज बस डिपो पर भारी संख्या में परीक्षार्थियों का जमावड़ा देखने को मिला। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने अपने परीक्षा केन्द्रों पर पहुँचने के लिए लालायित दिखे। परीक्षार्थी रात्रि को भी बसों के इंतजार में रोड़वेज डिपो पर खड़े दिखाई दिये। किसी भी प्रकार की व्यवस्था खराब ना हो, इसको लेकर पुलिस जाप्ता भी रोड़वेज आगार पर तैनात रहा। वहीं रोड़वेज कर्मचारी भी रात भर व्यवस्थाओं में जुटे रहे। राजस्थान रोड़वेज ने आम यात्रियों से आगृह किया है कि सभी यात्रा मार्ग 12 से 17 मई तक निरस्त रहेगें। बसों का संचालन परीक्षार्थियों के यात्री भार के अनुसार किया जायेगा। पूर्व में आरक्षित की गई सभी टिकटों की किराये की राशि का पुर्नभरण भी राजस्थान रोड़वेज की ओर से किया जायेगा।