March 18, 2026

Khabrana.com

सच्ची बात, सच के साथ…

Khabrana Home » श्रीराम सभा समिति सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन…कोटपूतली का मास्टर प्लान

श्रीराम सभा समिति सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन…कोटपूतली का मास्टर प्लान

खबराना बिल्लूरामसैनी

कोटपूतली कस्बे में नगर परिषद् द्वारा मास्टर प्लान 2031 के अन्तर्गत सडक़ों की चौड़ाई बढ़ाने के लिए निर्माण हटाने का कार्य किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि परिषद् द्वारा मुख्य चौराहे से अग्रसेन तिराहे तक सडक़ों की चौड़ाई 80 फिट व पूतली कट से बानसूर मोड़ पर उमराव सिनेमा कट तक की चौड़ाई 60 फिट की जा रही है, जिसमें सर्वप्रथम मुख्य चौराहे से पूरानी नगर पालिका तिराहे (अग्रसेन तिराहा) व शनि मंदिर से सरदार स्कूल तक के निर्माण हटाने के क्रम में अभी तक 68 संरचनायें परिषद् द्वारा हटाई गई है। अब उक्त दोनों मार्गो पर व्यापारी व आमजन स्वयं के स्तर पर भी आगे आकर निर्माण हटाने लगे है। इसी क्रम में राजकीय सरदार विधालय के पास स्थित श्रीराम भवन को नहीं तोड़े जाने की माँग को लेकर श्रीराम सभा समिति सदस्यों ने अध्यक्ष रमेश चंद बंसल के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल व जिला कलक्टर प्रकाश राज पुरोहित के नाम एसडीएम ऋषभ मण्डल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में अध्यक्ष बंसल समेत महामंत्री अनिल शरण, राजेश गुप्ता, सुबोध बंसल, मैथली शरण बंसल, सियाराम, राजेश कुमार गुप्ता, एड. प्रभा अग्रवाल समेत अन्य समिति सदस्यों ने बताया कि नगर परिषद् द्वारा निर्माण हटाने की कार्यवाही में श्रीराम भवन पर भी लाल निशान लगा दिये गये है, जो कि कस्बे के मौहल्ला बुचाहेड़ा में स्थित 100 वर्ष पूरानी धार्मिक संस्था है। जिसका निर्माण धार्मिक व सामाजिक उपयोग के लिए यात्रियों के ठहरने व भोजन के लिए किया गया था। साथ ही इसमें शिव मंदिर, श्रीराम दरबार, दुर्गा माता मंदिर व श्री हनुमान जी मंदिर भी बने हुए है। जहाँ आये दिन धार्मिक आयोजन होते है। आजादी से पूर्व की बनी उक्त संस्था के शिला लेख भी लगे हुए है। जिससे कोई अतिक्रमण प्रतीत नहीं होता है। समय-समय पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर के साथ-साथ उक्त भवन को संस्था द्वारा राजकीय कार्यो के लिए भी उपयोग में दिया जाता है। अत: उक्त संस्था के भवन को किसी भी रूप में क्षति नहीं पहुँचाई जायें।