कोटपूतली (बिल्लूराम सॆनी) विगत 18 जनवरी मंगलवार को निकटवर्ती ग्राम पंचायत पनियाला थाना क्षेत्र में हुए एक युवक के ब्लाईन्ड मर्डर के मामले में पुलिस की जाँच व कार्यवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व नाराजगी लगातार बढ़ती ही जा रही है। उल्लेखनीय है कि पनियाला थाना क्षेत्र स्थित देवनारायण मंदिर के पास बने होटल के पीछे एक सरसों के खेत में विगत 18 जनवरी को एक युवक का शव पड़ा मिला था। जिसकी शिनाख्त गिरिराज (28) पुत्र रामशरण पोषवाल निवासी पनियाला के रूप में हुई थी।

युवक के शव पर धारदार हथियार के निशान पाये गये थे। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। साथ ही घटना स्थल का एफएसएल टीम व डॉग स्कवॉयड द्वारा मौका मुआयना भी करवाया गया था। घटनाक्रम में मृतक गिरिराज के भाई हनुमान प्रसाद द्वारा कुछ युवकों के खिलाफ नामजद मामला भी दर्ज करवाया गया था। जिस पर पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए आरोपित दौलत राम (23) पुत्र रामकरण गुर्जर निवासी पनियाला को गिरफ्तार भी कर लिया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की हत्या आरोपितों द्वारा शराब पीने के बाद आपसी वाद-विवाद को लेकर की गई थी। मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किये जा रहे है। वहीं मुख्य आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर भी न्यायालय द्वारा भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दौलत राम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरिराज की हत्या करना कबुल किया है। वहीं घटनाक्रम में पुलिस की जाँच को लेकर असंतुष्ट ग्रामीणों व परिजनों ने शुक्रवार को पुन: पनियाला थाने का घेराव किया। परिजनों का कहना था कि मामले में पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर अनभिज्ञता में दर्ज की गई है। खाली कागज पर हस्ताक्षर करवाकर बाद में एफआईआर लिखी गई है। ग्रामीणों ने इस सम्बंध में दूसरी एफआईआर दर्ज किये जाने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, भाजपा नेता मुकेश गोयल समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से घटनाक्रम की निष्पक्ष जाँच कर जल्द से जल्द खुलासे व सभी आरोपियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार किये जाने की मांग भी की गई। इस सम्बंध में मृतक के भाई हनुमान प्रसाद द्वारा पनियाला थानाधिकारी के नाम मामले में अन्य आरोपियों को नामजद कर कार्यवाही किए जाने की मांग भी की गई। प्रार्थना पत्र में बताया कि एफआईआर में मुख्य आरोपी दौलत राम पुत्र रामकरण निवासी पनियाला व जयसिंह गुर्जर निवासी नालोता (बहरोड़) को ही नामजद आरोपित दर्ज किया गया है। जबकि मामले में सत्यवीर उर्फ शक्ति पुत्र अमीचंद रावत निवासी पनियाला समेत अन्य आरोपित भी शामिल है। प्रार्थना पत्र में सभी आरोपितों को नामजद कर कार्यवाही की मांग की गई है। परिवादी द्वारा पूर्व में दर्ज की गई एफआईआर में आरोपित सत्यवीर उर्फ शक्ति व गुरूदयाल द्वारा घटनाक्रम की सूचना देना बताया गया था। पुलिस द्वारा उक्त युवक से भी पुछताछ की जा रही है। इस सम्बंध में ग्रामीणों द्वारा गठित कमेटी के समक्ष एएसपी नवाब खान ने आगामी दो फरवरी तक सम्पूर्ण घटनाक्रम का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सरपंच लक्ष्मण रावत, रामरतन, पूर्व सरपंच रामशरण रावत, कैलाश पहलवान, दाताराम, महेन्द्र, कृष्ण कसाना, महिपाल, हरिसिंह, विक्रम, हनुमान मुकदम, धर्मपाल, अशोक रावत, जयसिंह, रामस्वरूप, रामेश्वर, देवकरण, रूड़मल, सतीश व तरूण पटेल समेत अन्य मौजुद थे।
अन्य खबरे
गोवंश अधिनियम का 02 वर्ष से फरार अभियुक्त गिरफ्तार
4 डोडा पोस्त तस्कर गिरफ्तार 5 लाख रुपए की कीमत का 101 किलो माल बरामद गाड़ी जब्त।
शराब तस्करी के आरोपी 9 माह से फरार मुख्य आरोपी चढ़ा मनोहरपुर पुलिस के हत्थे।