February 2, 2026

Khabrana.com

सच्ची बात, सच के साथ…

Khabrana Home » पुलिस एएसआई द्वारा अधिवक्ता के साथ मारपीट व दुव्र्यवहार का मामला। वकीलों में आक्रोश का माहौल, थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन। न्यायिक कार्यो का किया बहिष्कार, शुक्रवार को भी रहेगी पेन डाऊन हड़ताल।

पुलिस एएसआई द्वारा अधिवक्ता के साथ मारपीट व दुव्र्यवहार का मामला। वकीलों में आक्रोश का माहौल, थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन। न्यायिक कार्यो का किया बहिष्कार, शुक्रवार को भी रहेगी पेन डाऊन हड़ताल।

ख़बराना ब्यूरो चीफ
बिल्लुराम सैनी

कोटपूतली -स्थानीय अभिभाषक संघ के अधिवक्ता प्रशांत यादव के साथ कोटपूतली थाने में पदस्थापित एएसआई राकेश यादव द्वारा कथित तौर पर मारपीट, दुव्र्यवहार व उनके परिजनों एवं महिलाओं से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर गुरूवार को अभिभाषक संघ के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना विगत 11 मई की बताई जा रही है। जिसमें एएसआई द्वारा अधिवक्ता प्रशांत यादव के साथ घटना कारित करने के बाद राजकार्य में बाधा का प्रकरण भी दर्ज कर लिया।

घटना की शिकायत मिलने पर स्थानीय बार रूम में अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों की बैठक संघ के अध्यक्ष एड. अशोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जहाँ सचिव ओमप्रकाश सैनी, उपाध्यक्ष रणजीत कुमार मीणा, ज्योति शर्मा, दिनेश अग्रवाल समेत एड. मुरारी लाल शर्मा, पीके जोशी, बजरंग लाल शर्मा, समर यादव, भोजराज यादव, प्रेमप्रकाश शर्मा, श्रीराम जोशी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए न्यायिक कार्यो का बहिष्कार किया। बार रूम से एकत्रित होकर अधिवक्तागण पुलिस थाना भवन पहुँचे। जहाँ थाने का घेराव करते हुए एसएचओ सवाई सिंह को जमकर खरी खोटी भी सुनाई। घटनाक्रम में शुक्रवार 13 मई को भी न्यायिक कार्य पूर्ण रूप से स्थगित करते हुए पेन डाउन हड़ताल का निर्णय लिया गया है।

क्या है मामला :- इस सम्बंध में पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत रोज थाने पर ग्राम कंवरपुरा निवासी धर्मवीर यादव ने जरिये टेलीफोन सूचना दी थी कि ग्राम कंवरपुरा में गाडिय़ा लुहारों द्वारा समाधि बनाये जाने को लेकर चौपाल में बजरी व पत्थर डाल रखे है। जो कि रात्रि को निर्माण कर सकते है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है व एसडीएम कोर्ट से स्टे भी ले रखा है। इसकी सूचना पर पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुँचकर देखा तो कंवरपुरा की सार्वजनिक चौपाल पर एक व्यक्ति मौजूद था एवं एक ट्रोली में पत्थर व बजरी पड़े हुए थे। पुलिस के पुछताछ करने पर युवक ने अपना नाम सुनील पुत्र पालाराम लुहार निवासी कंवरपुरा बताते हुए जानकारी दी कि गांव वालों के कहने पर समाधि बनाने के लिए यहां निर्माण सामग्री डाली है। जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति के बारे में जानकारी करने पर कोई भी स्वीकृति नहीं मिली।

इस पर पुलिस ने बिना स्वीकृति के निर्माण नहीं किये जाने को लेकर निर्देशित किया तभी वहाँ पर मनीष पुत्र उमराव यादव निवासी कंवरपुरा ने आकर कहा कि यह हमारी खातेदारी शुदा जमीन है। जिसकी जमाबंदी बाबत पुछे जाने पर कोई भी दस्तावेज नहीं होना बताया। वहीं इसी दौरान कैलाश पुत्र उमराव यादव समेत 5-7 अन्य व्यक्तियों ने आकर पुलिस टीम से आवेशित होते हुए उलझ पड़े। साथ ही पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भी दी।

इस पर पुलिस ने उक्त व्यक्ति कैलाश यादव को शांतिभंग में हिरासत में लिया तो मौके पर प्रशांत पुत्र कैलाश, मनीष पुत्र उमराव समेत अन्य 8-10 व्यक्तियों ने एकराय होकर पुलिस टीम की हिरासत से कैलाश यादव को छुड़ाकर ले गये। साथ ही रात्रि में वहीं निर्माण किये जाने की चेतावनी भी दी। समझाईश पर भी नहीं माने जाने पर एएसपी कोटपूतली, डीएसपी कोटपूतली व तहसीलदार कोटपूतली की दखल से थाने से अतिरिक्त जाप्ता मौके पर मंगवाया गया। वहीं तहसीलदार सूर्यकान्त शर्मा ने भी मौके पर पहुँचकर उपस्थित लोगों से समझाईश की।