February 2, 2026

Khabrana.com

सच्ची बात, सच के साथ…

Khabrana Home » भगवान परशुराम अवतरण महोत्सव पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को भगवान परशुराम मंदिर प्रबंध कमेटी द्वारा कस्बे में भव्य शोभा यात्रा।

भगवान परशुराम अवतरण महोत्सव पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को भगवान परशुराम मंदिर प्रबंध कमेटी द्वारा कस्बे में भव्य शोभा यात्रा।

ख़बराना। बिल्लुराम सैनी
कोटपूतली। भगवान परशुराम अवतरण महोत्सव पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को भगवान परशुराम मंदिर प्रबंध कमेटी द्वारा कस्बे में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई और परशुराम मंदिर परिसर में ब्राह्मण सम्मेलन सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि समाज एकजुट होकर अपनी क्षमता का आंकलन करे और जरुरतमंदों की मदद के लिए सक्षम वर्गों को आगे बढऩा होगा।

बोहरा ने कहा कि प्रदेश में 15 फीसदी ब्राह्मण हैं। हमें अपनी ताकत दिखानी होगी, तभी सामाजिक, आर्थिक व राजनीति के क्षेत्र में हमारी प्रतिष्ठा वापस मिल सकती है। बोहरा ने परशुराम जयंती पर अवकाश की घोषणा के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी करने पर उनका आभार व्यक्त किया।

बोहरा ने मंदिर परिसर में भव्य सामुदायिक भवन के निर्माण पर जोर देते हुए इसके लिए सांसद कोष से 15 लाख रुपए देने की घोषणा की। गौड सनाढ्य फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष पं.सूर्यकांत शर्मा ने छात्रावास के लिए भूमि आवंटित कराने की मांग करते हुए कहा कि भूमि मिलने के बाद छात्रावास के निर्माण की जिम्मेदारी कोटपूतली के ब्राम्हण समाज की रहेगी। इस पर बोहरा ने कहा कि वे इसके लिए पूरा प्रयास करते हुए वर्तमान सरकार के समक्ष भी पूरी पैरवी करेंगे।

प्रदेश के खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष बृजकिशोर शर्मा ने समाज को ऊपर उठाने के लिए हम प्रयासरत हैं। छात्रावास के लिए भूमि आवंटन हेतु वे सरकार से बात करेंगे। सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं.सुरेश मिश्रा ने ब्राह्मण सभी वर्गों का सम्मान करता है, लेकिन कुछ लोग हमारे प्रति जहर उगलते हैं। पं.मिश्रा ने सभी मंदिर में भगवान परशुराम की मूर्तियां स्थापित करने की मांग करते हुए महासभा की ओर से 200 मूर्तियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। विप्र कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष मंजू शर्मा ने कहा कि विप्र कल्याण बोर्ड ब्राह्मणों के हित के लिए बना है। वे छात्रावास के लिए भूमि संबंधी मांग पूरा कराने का प्रयास करेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा ने भी शक्ति प्रदर्शन करने व गरीब, पिछड़ों की मदद करने पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहे बडऩगर के महंत ज्ञानदास महाराज ने आशिर्वचन कहे। प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष बजरंगलाल शर्मा ने आगन्तुकों का आभार प्रकट करते हुए सभी भामाशाहों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुभाषचंद शर्मा, गौड सनाढ्य फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष पं.देवीशंकर शर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष पं.सूर्यकांत शर्मा, प्रो.वेदप्रकाश शर्मा, तहसील ब्राम्हण सभा के अध्यक्ष पं.किशोरीलाल शर्मा आदि ने भी विचार रखे। संचालन एडवोकेट रमाकांत शर्मा ने किया। अतिथि के रुप में सरपंच रामनरेन्द्र शर्मा, भामाशाह कृष्ण कुमार शर्मा आदि भी मौजूद रहे। कमेटी अध्यक्ष बजरंगलाल शर्मा सहित पं.सूर्यकांत शर्मा, छाजूराम चतुर्वेदी, पं.किशोरीलाल शर्मा, मदनलाल मिश्रा, मातादीन पुजारी, जर्नादन पटवारी, रामावतार गौड, जिलाध्यक्ष नवल शर्मा, हरिशंकर शर्मा, महेश शर्मा, रामगोपाल, नरेश शर्मा, नागर कौशिक, देवकिशन शर्मा, नागेन्द्र शर्मा, राधेश्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में शहर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने अतिथियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया।
भक्ति की फुहारों से तरबतर
ब्राह्मण सम्मेलन में शहर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। प्रात: भगवान परशुराम के अभिषेक व पूजन के साथ प्रारम्भ हुआ महोत्सव भण्डारे के साथ संपन्न हुआ। सुबह मंदिर परिसर से निकली विशाल शोभा यात्रा से समूचा कस्बा श्रद्धा व भक्ति की फुहारों से तरबतर नजर आया। वहीं, राधे-कृष्ण, शंकर-पार्वती व भगवान परशुराम की सजीव झांकियां आकर्षण का केन्द्र बनी रही। बैण्डबाजे के साथ निकली शोभा यात्रा के आगे चार घुड़सवार चल रहे थे। पालिका तिराहे पर पं.किशोरीलाल शर्मा, सराय में भाजपा नेता मुकेश गोयल, बड़ाबास में एडवोकेट केके शर्मा व कमल शर्मा, आजाद चौक पर शंकरलाल शर्मा सहित जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत करते हुए यात्रियों को जलपान कराया।